रिकांगपिओ : जनजातीय जिला किन्नौर में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदल ली। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात और निचले इलाकों में रुक-रुककर बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अचानक बढ़ी ठंड से जहां लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है, वहीं इन दिनों चल रहा सेब सीजन भी प्रभावित हुआ है। भारत-चीन सीमा से सटे कूनोचारंग और छितकुल क्षेत्रों में सुबह से ही बर्फबारी का दौर जारी रहा। बर्फबारी के चलते इन क्षेत्रों में ठंड काफी बढ़ गई है।
कूनोचारंग निवासी बलदेव सिंह नेगी ने बताया कि अचानक शुरू हुए हिमपात से क्षेत्र में मौसम बेहद ठंडा हो गया है और स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में आए बदलाव का असर सेब बागवानों पर भी पड़ा है। जिले के कई क्षेत्रों में सेब तुड़ान और फसल को मंडियों तक पहुंचाने का कार्य चल रहा है। बारिश और हिमपात के कारण कुछ स्थानों पर बागवानों को काम रोकना पड़ा है। लगातार खराब मौसम रहने की स्थिति में सेब सीजन के प्रभावित होने की चिंता भी बढ़ गई है।

