Site icon Dainik Savera Times

Atal Tunnel का साउथ पोर्टल सहित लाहौल घाटी में हुई बर्फबारी

लाहौल स्पीति (सृष्टि) : हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के कई भागों में रात से शुक्रवार अल सुबह तक बर्फबारी दर्ज की गई है। पूरी लाहौल घाटी बर्फ से लकदक हो गई है। रात को अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल, धुंधी क्षेत्र और इसके आसपास के भागों में करीब चार इंच ताजा बर्फबारी हुई है। चंद्रा घाटी, सिस्सू ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई है। इसके चलते वाहनों की आवाजाही बाधित है।

सड़क की स्थिति अभी ठीक नहीं होने तक सोलंग बैरियर से अटल टनल की ओर आपातकालीन स्थिति में केवल फोर बाई फोर वाहनों को अनुमति दी जा रही है। ताजा हिमपात से पूरी घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राजधानी शिमला व आसपास भागों में आज मौसम साफ बना हुआ है।

धूप खिलने से लोगों को कड़कड़ाती ठंड से कुछ राहत मिली है। वहीं 2 से 7 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। अटल टनल के साउथ पोर्टल में करीब 4 इंच बर्फबारी हो चुकी है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सोलंग वैली से आगे केवल 4/4 गाड़ियों को जाने की अनुमति प्रदान की हैं। अगर मौसम खुल जाता है, तो दूसरी गाड़ियों को भी वहां पर जाने की अनुमति दी जाएगीl

Exit mobile version