Site icon Dainik Savera Times

कुल्लू से सामाजिक न्याय जत्था यात्रा का आगाज, महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के लिए प्रदेशभर में उठेगी आवाज

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/1001241304-1.mp4

कूल्लू: देश में महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय, हिंसा, भेदभाव, मनुवाद और पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी ने सामाजिक न्याय जत्था यात्रा का आगाज जिला कुल्लू से किया। 25 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर कुल्लू के ढालपुर में जिला जनवादी महिला समिति की ओर से इस यात्रा का शुभारंभ किया गया। यह जत्था 30 जनवरी 2027 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में अलग-अलग चरणों में निकाला जाएगा।

इस अवसर पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति जिला कुल्लू की ममता नेगी ने कहा कि भारतीय संविधान महिलाओं को समानता का अधिकार, समान काम के लिए समान वेतन, पंचायती राज संस्थाओं और नगरपालिकाओं में आरक्षण, कामकाजी महिलाओं को प्रसूति अवकाश तथा शोषण के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार प्रदान करता है। संविधान धर्म, जाति और लिंग के आधार पर भेदभाव पर रोक लगाता है और महिलाओं को गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करता है। ऐसे में मनुस्मृति संविधान का विकल्प नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि मनुस्मृति ऐसी सामाजिक व्यवस्था को दर्शाती है, जो असमानता, जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच पर आधारित है। इसमें महिलाओं को कमजोर स्थिति में रखने वाले नियमों के माध्यम से पुरुष प्रधान व्यवस्था को मजबूत किया गया है। जनवादी महिला समिति इस व्यवस्था के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए संविधान के मूल्यों और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में अभियान चलाएगी।

ममता नेगी ने कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा, अपराध, अत्याचार और दुष्कर्म की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। घरेलू हिंसा के मामलों में भी बढ़ोतरी चिंता का विषय है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों पर रोक लगाने के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ जवाबदेही और सामाजिक बदलाव लाना जरूरी है। सामाजिक न्याय जत्था यात्रा के माध्यम से इन मुद्दों को आम जनता के बीच उठाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को न्याय, सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकार दिलाने के साथ समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता के खिलाफ जनजागरूकता पैदा करना है।

 

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version