Site icon Dainik Savera Times

सामाजिक कार्य के विद्यार्थियों ने किया आश बाल विकास केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण

कुल्लू: केरल के त्रिशूर स्थित नैपुण्य प्रबंधन एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के सामाजिक कार्य में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने दिव्यांगता एवं पुनर्वास के क्षेत्र में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से सांफिआ के आश बाल विकास केंद्र, कुल्लू का शैक्षणिक एवं अभिमुखीकरण भ्रमण किया।

विद्यार्थियों का दल संस्थान के सामाजिक कार्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शिजू के नेतृत्व में कुल्लू पहुंचा। इस अवसर पर सांफिआ की कार्यकारी निदेशक डॉ. श्रुति मोरे भारद्वाज ने विद्यार्थियों एवं डॉ. शिजू का स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान सांफिआ के कार्यक्रम प्रबंधक बीजू हिमदल ने विद्यार्थियों को सांफिआ द्वारा दिव्यांगता एवं सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सांफिआ की विभिन्न पहलों, दिव्यांग बच्चों एवं उनके परिवारों के लिए उपलब्ध सेवाओं, प्रारंभिक पहचान, पुनर्वास तथा समुदाय स्तर पर किए जा रहे समावेशन संबंधी कार्यों के बारे में जानकारी साझा की।

इसके उपरांत विद्यार्थियों को आश बाल विकास केंद्र का भ्रमण करवाया गया। विद्यार्थियों ने केंद्र में बच्चों को प्रदान की जा रही ऑक्यूपेशनल थैरेपी,फिजियोथेरेपी,स्पीच थैरेपी,विशेष शिक्षा तथा अभिभावक परामर्श जैसी विभिन्न सेवाओं की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।

इस दौरान विद्यार्थियों ने केंद्र में कार्यरत विशेषज्ञों एवं कर्मचारियों से बातचीत की तथा दिव्यांग बच्चों के विकास एवं पुनर्वास में विभिन्न विशेषज्ञों की भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने सांफिआ द्वारा समुदाय स्तर पर किए जा रहे कार्यों और दिव्यांग व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने के प्रयासों में भी रुचि दिखाई।

डॉ. श्रुति मोरे भारद्वाज ने विद्यार्थियों एवं विभागाध्यक्ष डॉ. शिजू का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को सामाजिक कार्य के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और अपने सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

वहीं बीजू हिमदल ने विद्यार्थियों के साथ सांफिआ के अनुभव साझा करते हुए सामाजिक कार्य के क्षेत्र में दिव्यांगता एवं पुनर्वास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक समावेशन और दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को दिव्यांगता एवं पुनर्वास के क्षेत्र में कार्यरत संस्था की कार्यप्रणाली, विभिन्न सेवाओं तथा सामाजिक कार्यकर्ता की भूमिका को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version