Dainik Savera Times

मशोबरा के जंगल सोनिया को दिलाते थे इटली की याद, ‘द रिट्रीट’ में इंदिरा, राजीव व नन्हे राहुल संग बिताए थे सुकून के पल

शिमला: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ़ लव’ में शिमला के करीब मशोबरा और ऐतिहासिक ‘द रिट्रीट’ अब राष्ट्रपति निवास से जुड़ी अपनी बेहद आत्मीय और निजी यादों को साझा किया है। किताब में उन्होंने उस दौर को याद किया है, जब वह पहली बार अपने पूरे परिवार के साथ मशोबरा आई थीं।

सोनिया ने लिखा है कि मशोबरा के घने जंगल और शांत वादियां उन्हें अपने मायके इटली की याद दिलाती थीं। उस समय राहुल गांधी बहुत छोटे थे और यह उनकी भी पहली हिमाचल यात्रा थी। मई 1971 में जब परिवार इस यात्रा के बाद दिल्ली लौटा, तब सभी को यह खुशखबरी मिली कि सोनिया दूसरी बार माँ बनने वाली हैं। मशोबरा की वादियों से गांधी परिवार के इसी गहरे और भावनात्मक जुड़ाव का नतीजा है कि दशकों बाद प्रियंका गांधी ने भी ‘द रिट्रीट’ के पास ही जमीन खरीदकर देवदार के इन जंगलों के बीच अपना स्थायी आशियाना बना लिया।

 

भारत आने के शुरुआती वर्षों में जब सोनिया गांधी नई संस्कृति, भाषा और दिल्ली की व्यस्त दिनचर्या में खुद को ढाल रही थीं, तब मशोबरा की शांत वादियाँ और देवदार-चीड़ के घने जंगल उन्हें सुकून देते थे। फ़रवरी 1971 में लोकसभा के मध्यावधि चुनाव घोषित हुए। दक्षिणपंथी विपक्ष का नारा था-‘इंदिरा हटाओ।’ इसके जवाब में इंदिरा ने ‘ग़रीबी हटाओ’ का नारा दिया। ये नारा हिट हुआ और इंदिरा रिकार्ड वोटों से सत्ता में लौंटी। अगले ही महीने राजीव ने अपने परिवार के साथ ‘द रिट्रीट’ आने का कार्यक्रम बना लिया। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा-‘अप्रैल में राजीव और मैं, नन्हे राहुल को साथ लेकर, कुछ दिन आराम करने उनके साथ शिमला से आगे मशोबरा गए। हम ‘द रिट्रीट’ नाम के ब्रिटिश काल के एक घर में ठहरे। बाद में वह राष्ट्रपति के परिसर का हिस्सा बन गया। घर अखरोट, मेपल, ओक और देवदार यानी हिमालयी सीडर के घने जंगलों से घिरा था। वसंत के फूलों, गुलाबों और तरह-तरह की लताओं से भरा सँकरा, सीढ़ीदार बगीचा उसकी सुंदरता बढ़ाता था।’

सोनिया आगे लिखतीं हैं-‘जब मेरी सास सार्वजनिक कर्तव्यों से कुछ समय के लिए छुट्टी लेकर कश्मीर या हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों में कुछ दिन बिता पातीं, तब वे सबसे अधिक प्रसन्न होती थीं। ऊँची बर्फ़ीली चोटियों और जंगलों से ढकी ढलानों को देखकर उनकी खुशी और उत्साह साफ़ झलकता था। पहले दिन वे पार्टी कार्यकर्ताओं, राजनीतिक सहयोगियों और उनके परिवारों से मिलने के लिए रखतीं; छुट्टी के बाकी दिन पूरी तरह निजी होते थे। पहुँचते ही इंदिरा अतिथि-गृह के कमरों का चक्कर लगातीं। टेढ़े लटके चित्रों को सीधा करतीं, बेतरतीब रखी कुर्सियों को फिर से व्यवस्थित करतीं और अपने साथ आए हम सब लोगों के लिए घर को आरामदेह बनातीं। उसके बाद ही अपने कमरे में ठहरतीं। उन्हें जंगल में टहलना या ताज़ी हवा में बाहर बैठकर पढ़ना, शब्द-पहेली हल करना अथवा बुनाई करना पसंद था। वे अपने पिता या अपने छोटे बेटों और पति के साथ की गई पुरानी यात्राओं की यादें सुनातीं और उस क्षेत्र के इतिहास तथा संस्कृति के बारे में बातें करतीं।

सोनिया ने लिखा-मेरी सास और राजीव-दोनों के लिए रिट्रीट बहुत प्रिय जगह थी। परिवार की तीन पीढ़ियां वहां छुट्टियां बिता चुकी थीं। वह चौड़ी बरामदों और बाहर निकली खिड़कियों वाला लकड़ी का दो-मंज़िला घर था। हम मुख्यतः भूतल के छोटे कमरों का उपयोग करते थे। राजीव मुझे भीतर के कमरे दिखाते हुए उन कमरों तक ले गए जहाँ वे और संजय बचपन में ठहरते थे। उन्होंने वह बालकनी भी दिखाई जहाँ से वे आग बुझाने में इस्तेमाल होने वाली रस्सियों पर फिसलकर नीचे उतरते थे। हम मेरी सास के शयनकक्ष के पास बने एक छोटे कमरे में नाश्ता करते थे। उनके कहने पर एक सुबह हम भोर में उठे और उनके साथ हिमालय की चोटियों पर धीरे-धीरे फैलती शानदार सूर्योदय की रोशनी देखने गए। वह याद रखने योग्य अनमोल पल था।

सोनिया ने लिखा-‘मुझे भी मशोबरा बहुत पसंद आया। वहाँ के जंगल मुझे इटली के जंगलों की याद दिलाते थे। वेनेटो क्षेत्र के कई पेड़ों को मैं पहचान सकती थी। राजीव पक्षियों की आवाज़ सुनकर उनके नाम बता देते थे। बचपन में उनकी माँ ने उन्हें पक्षियों को पहचानना सिखाया था; वे खुद भी पक्षियों को देखने की शौकीन थीं। राजीव और मैं जंगल में टहलने जाते और पत्तियाँ तथा जंगली फूल चुनते। मैं उन्हें किताबों के पन्नों के बीच रखकर सुखाती और यादगार के रूप में सँभालती। आसपास के जंगलों में गाड़ी से जाते या पिकनिक पर निकलते, तो राजीव अपने कैमरे से आसपास की तस्वीरें लेने में व्यस्त रहते। हम दोनों साधारण रोज़मर्रा की बातें करते-उनके काम की, शराब की समस्या से जूझ रहे उनके कुछ सहकर्मियों की चिंता की, हमारे साझा मित्रों की नई नौकरियों की, इटली में मेरे परिवार की और अपनी कार खरीदने के लिए बचत करने की उनकी योजना की।’

जल्दी ही दिल्ली लौटने और अपने सामान्य कामकाज में लगने का समय आ गया। राहुल अपने-आप चलने की कोशिश कर रहा था। राजीव उससे थोड़ी दूरी पर खड़े होकर उसे कुछ क़दम चलने के लिए प्रोत्साहित करते। वह सफल होता, तो उसकी तारीफ़ करते और उसे गोद में लेकर प्यार करते। कभी-कभी हम राष्ट्रपति भवन परिसर के स्विमिंग पूल में भी जाते थे। राजीव बहुत अच्छे तैराक थे, जबकि मैं उनसे बिल्कुल उलट थी-मुझे लंबे समय तक पानी में उतरने से डर लगता रहा। संजय भी हमारे साथ आते और कभी-कभार मेरी सास भी। वे दोनों भी बहुत अच्छे तैराक थे।

सोनिया ने लिखा-‘इसके बाद परिवार में एक और खुशी की ख़बर आई। मई में मुझे पता चला कि मैं दूसरी बार माँ बनने वाली हूँ। परिवार में बहुत खुशी और उत्साह छा गया। राजीव, मेरी सास और दोनों आंटियाँ मेरा बहुत ख़याल रखने लगीं। पिछली गर्भावस्था के विपरीत, इस बार कोई जटिलता नहीं थी। कुछ सावधानियां बरतनी थीं, जिनके बारे में मेरी सास ने तुरंत मुझे बता दिया। लेकिन तब तक मेरा आत्मविश्वास बढ़ चुका था, इसलिए मुझे उनकी बातों पर चिढ़ नहीं हुई और मैंने उनके निर्देशों को सहजता से लिया।’

नन्हें राहुल के घने घुँघराले बालों में तेल लगाने के लिए होती इंदिरा-सोनिया में खींचतान

सोनिया ने अपने संस्मरण में लिखा-‘वहाँ होना हमारे लिए बहुत खुशी की बात थी। मेरी सास के लिए यह आराम करने और परिवार के साथ समय बिताने का ईश्वर-प्रदत्त अवसर था-विशेषकर अपने प्यारे नाती के साथ। वे एमी आंटी के साथ बगीचे में बैठतीं और नन्हा राहुल पास में कंबल पर लेटा रहता। वे उसे खेलातीं, हँसातीं, गोद में उठातीं और फूल तथा पक्षी दिखाने के लिए बगीचे में घूमतीं। एक बार राहुल के घने घुँघराले बालों में तेल लगाने को लेकर उनके और मेरे बीच थोड़ी खींचतान हो गई। तेल से उसके बालों की काली लटें आपस में चिपककर भारी-सी हो गईं। मैंने मज़ाक में शिकायत की कि अगर उसके घुँघराले बाल हमेशा के लिए चले गए, तो इसकी ज़िम्मेदारी उन्हीं की होगी। सौभाग्य से, कुछ बार धोने के बाद उसके बाल फिर से घुँघराले हो गए।’

वे लिखती हैं- ‘बैठक का कमरा घर के दूसरे कमरों से छोटा और अधिक आत्मीय था। उसकी दीवारों पर अंग्रेज़ी टेरियर कुत्तों के चित्र लगे थे। मेरी सास ने उनमें से एक चित्र की ओर इशारा करके बताया कि उससे उन्हें आनंद भवन में बचपन के अपने पालतू कुत्ते की याद आती है। बगीचे की ओर खुलती चौड़ी खिड़की के पास एक सुंदर पुराने फ़्रांसीसी मेज़ पर कटे हुए फूल सजाए गए थे। मेरी सास ने उसमें कुछ फर्न की पत्तियाँ और पीली झाड़ूदार झाड़ी की टहनियाँ भी जोड़ दीं।’

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version