Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

7 से 9 अक्तूबर तक चलेगा बेघर मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों के लिए विशेष अभियान

October 5, 2026

7 से 9 अक्तूबर तक चलेगा बेघर मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों के लिए विशेष अभियान

शिमला। जिला शिमला में बेघर एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के बचाव, संरक्षण और पुनर्वास के लिए 7 से 9 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित किया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में ऐसे बेघर व्यक्तियों की पहचान करना है, जो मानसिक बीमारी से पीड़ित हैं और जिन्हें तत्काल देखभाल, संरक्षण, उपचार अथवा पुनर्वास की आवश्यकता है। अभियान के दौरान ऐसे लोगों को चिह्नित कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ जरूरत के अनुसार उचित संस्थानों में दाखिल करवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के तहत संबंधित विभागों और हितधारकों के सहयोग से बेघर एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। इसके साथ ही आमजन को भी ऐसे व्यक्तियों की पहचान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्राधिकरण का प्रयास रहेगा कि सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थानों या अन्य स्थानों पर रहने वाले ऐसे लोगों को उनकी परिस्थितियों के अनुरूप उपचार, संरक्षण और पुनर्वास की सुविधा मिल सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। प्राधिकरण ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास कोई बेघर एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अभियान से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 01786-223605 पर संपर्क किया जा सकता है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें