Sports, Awareness Activities Planned for Girl Students : मंडी। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर डीआरडीए सभागार में समीक्षा बैठक हुई। अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती की अध्यक्षता में हुई बैठक में 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित खेल, रचनात्मक प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रूपरेखा पर चर्चा कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में 7 से 8 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा, समानता और सम्मान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के तहत छात्राओं के लिए बालिका खेल महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें रस्साकशी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और शतरंज जैसी प्रतियोगिताएं शामिल करने पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी प्रस्तावित है। चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य, सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण-2.0 सहित विभिन्न योजनाओं पर आधारित सूचना स्टॉल लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, साइबर सुरक्षा और कानूनी जागरूकता से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों तथा महिला उद्यमिता को भी प्रदर्शित किया जाएगा। बालिकाओं की शिक्षा, समानता, सुरक्षा और गरिमा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी मंडी अजय बदरेल ने बैठक में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी तथा विभिन्न गतिविधियों के आयोजन को लेकर विभागीय तैयारियों से अवगत करवाया। बैठक में जिला विकास अधिकारी जी.सी. पाठक, डीएसपी दिनेश कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी अरिंदम रॉय, सभी सीडीपीओ, स्कूलों के प्रधानाचार्य और अध्यापकगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।मंडी में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

