जुब्बल: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल में ठाकुर रामलाल गर्ल्स स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के लिए बनने वाले अतिरिक्त भवन की आधारशिला भी रखी। भवन के निर्माण पर करीब 2 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह संस्थान क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं, विशेषकर छात्राओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि जुब्बल का यह संस्थान प्रदेश का पहला ऐसा स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स है, जहां छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां वॉलीबॉल समेत कुल आठ खेलों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे पहले यह संस्थान ठाकुर रामलाल कन्या खेल छात्रावास के नाम से संचालित होता था।
खेल विद्यालय के लिए 32 नए पद स्वीकृत
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध करवाने पर लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय जुब्बल के प्रभावी संचालन के लिए 32 नए पद स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि छात्राओं के लिए करीब 20 लाख रुपये के खेल उपकरण पहले ही उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। आने वाले समय में अतिरिक्त उपकरणों की खरीद के लिए 72 लाख रुपये और जारी किए जाएंगे। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार ने डाइट मनी को भी 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये किया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की व्यवस्था भी की गई है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कुल 11 खेल संस्थान संचालित हैं, लेकिन जुब्बल का कन्या खेल विद्यालय इनमें सबसे बड़ा है। अब इसे प्रदेश के पहले स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी कई छात्राओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश व क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि चीन में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम में जुब्बल के इस खेल छात्रावास की छह छात्राओं का चयन हुआ है। उन्होंने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
शिक्षा के क्षेत्र में भी कई योजनाओं का जिक्र
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार खेलों के साथ शिक्षा के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की मंजूरी और शैक्षणिक सत्र शुरू होने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। केंद्रीय विद्यालय के भवन के लिए करीब 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की बात कही गई।
उन्होंने बताया कि सरस्वती नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में चार वर्षीय एकीकृत बीपीएड पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को शारीरिक शिक्षा की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इसके अलावा जुब्बल के डकैढ़ गांव में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री के अनुसार यह संस्थान क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
जन्मदिन पर काटा गया केक
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का जन्मदिन भी मनाया गया। स्थानीय लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
ये रहे मौजूद
समारोह में जुब्बल-कोटखाई मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा और नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, नगर पंचायत जुब्बल अध्यक्ष अनिता चौहान, उपाध्यक्ष राजेश तेजटा सहित पार्षद, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेम पाल दुल्टा व नरेन्द्र चौहान, खेल छात्रावास प्रभारी बलवंत झौटा, खेल एवं क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष संतोष चौहान, डिप्टी डायरेक्टर अजय पानटा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

