शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों में समान और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बात मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के दून विधानसभा क्षेत्र से आए प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान कही।
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक आवश्यकताओं और मांगों से अवगत कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इन क्षेत्रों को मजबूत बनाने के लिए व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दून विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शुरू किए गए हैं। इनमें बद्दी में उपमंडलाधिकारी कार्यालय, 100 बिस्तरों की क्षमता वाले अस्पताल और लोक निर्माण विभाग मंडल की स्थापना शामिल है। इन संस्थानों से क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है। दून विधानसभा क्षेत्र के तीन सरकारी विद्यालयों में यह व्यवस्था शुरू हो चुकी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है और अन्य रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है।
विधायक राम कुमार ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से दून विधानसभा क्षेत्र में कई नए सरकारी कार्यालय स्थापित किए गए हैं और क्षेत्र के लिए की गई घोषणाओं को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दून के विकास को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए स्टेडियम निर्माण और सड़क ढांचे को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को दून विधानसभा क्षेत्र के दौरे के लिए आमंत्रित किया। बैठक के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

