शिमला। राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार में सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब तहबाजारियों ने पुलिस जवानों की मौजूदगी में सड़क किनारे अपनी दुकानें सजा दीं। नगर निगम द्वारा तहबाजारियों को उचित स्थान उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर यह कदम विरोध स्वरूप उठाया गया। बड़ी संख्या में तहबाजारी लक्कड़ बाजार में एकत्रित हुए और निगम प्रशासन के खिलाफ अपना रोष जताया।
तहबाजारी यूनियन का कहना है कि लंबे समय से वे नगर निगम प्रशासन से तहबाजारियों के लिए उचित और स्थायी स्थान उपलब्ध करवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि रोजी-रोटी कमाने वाले छोटे दुकानदारों को बार-बार हटाया जा रहा है, जबकि उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान तहबाजारियों ने दो टूक कहा कि यदि नगर निगम उन्हें उपयुक्त जगह उपलब्ध नहीं करवाता है, तो वे इसी तरह शहर के अलग-अलग हिस्सों में तहबाजारी लगाएंगे। उनका कहना है कि उनका मकसद व्यवस्था बिगाड़ना नहीं, बल्कि प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करना है।
तहबाजारी यूनियन के अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि तहबाजारी करने वाले लोग भी अपने परिवार का पालन-पोषण इसी रोजगार से करते हैं। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि जल्द से जल्द तहबाजारियों के लिए उचित स्थान चिन्हित किया जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्रवाई का सामना न करना पड़े। पवन शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)