शिमलाः रेहड़ी-फड़ी तहबाजारी यूनियन शिमला संबंधित सीटू ने तहबाजारी को उजाड़ने के खिलाफ डीसी ऑफिस शिमला पर जोरदार प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद सैंकड़ों तहबाजारी अपनी मांगों को।लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे था नगर निगम आयुक्त व संयुक्त आयुक्त की गैर मौजूदगी में लगभग दो घंटे प्रदर्शन करते रहे।
प्रदर्शन को सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, जिला सचिव अमित कुमार, सचिव रमाकांत मिश्रा, विवेक कश्यप, रंजीव कुठियाला, यूनियन अध्यक्ष दर्शन लाल, ओमप्रकाश शर्मा, मोहन लाल, इंद्र, श्याम, बसंत, नरेश, सुमित, पप्पू, हेमा, सोनिया, अमरजीत माटा, पवन, अमित आदि ने संबोधित किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यूनियन नेताओं ने कहा कि शिमला शहर में वर्षों से रेहड़ी-फड़ी व तहबाजारी का काम करके हजारों परिवार अपनी आजीविका चला रहे हैं।
इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा इन मेहनतकश लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और उन्हें सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार बने स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट के विरुद्ध उजाड़ा जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि तहबाजारियों को उचित स्थान उपलब्ध करवाने, लाइसेंस एवं वेंडिंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा उनके रोज़गार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
यूनियन ने मांग की कि स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट, 2014 को पूरी तरह लागू किया जाए तथा किसी भी रेहड़ी-फड़ी वाले को कानून के प्रावधानों के बिना उजाड़ना बंद किया जाए। सभी पात्र तहबाजारियों का सर्वे एवं पंजीकरण पूरा कर उन्हें वेंडिंग सर्टिफिकेट दिए जाएं तथा वेंडिंग जोन की व्यवस्था की जाए। सभा में यह भी मांग की गई कि तहबाजारियों से मनमानी फीस एवं जुर्माने की वसूली बंद की जाए, सामान की जब्ती तथा उत्पीड़न पर रोक लगाई जाए और शहर में रोज़गार करने वाले मेहनतकश लोगों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आजीविका का अधिकार दिया जाए। नगर निगम द्वारा तहबाजारियों की समस्याओं को लेकर किए गए वादों को लागू करने की भी मांग की गई।
यूनियन ने कहा कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। इसलिए अब आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आगामी आंदोलन के तहत 17 अगस्त 2026 को मांगों को लेकर नगर निगम शिमला कार्यालय पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियन ने शिमला के सभी रेहड़ी-फड़ी एवं तहबाजारी कारोबारियों से आह्वान किया कि वे इस प्रदर्शन में भारी संख्या में शामिल होकर अपने रोज़गार और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करें। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
📍 Location: शिमला (शिमला)

