Site icon Dainik Savera Times

आत्मनिर्भर भारत के लिए खनिज-इस्पात क्षेत्र को मजबूत करना जरूरी : Anurag Thakur

हमीरपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति का कोच्चि अध्ययन दौरा तीन महत्वपूर्ण बैठकों के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिन समिति ने खान मंत्रालय के प्रमुख सार्वजनिक उपक्रमों के कामकाज की समीक्षा की। राष्ट्रीय एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उत्पादन क्षमता, कार्यकुशलता, क्षमता विस्तार और गैर-लौह धातुओं की बढ़ती राष्ट्रीय मांग को पूरा करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
इसके बाद इस्पात मंत्रालय से संबंधित सत्रों में देश की आपूर्ति व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। केआईओसीएल लिमिटेड, एमएसटीसी लिमिटेड और मेकॉन लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ लौह अयस्क प्रबंधन के बुनियादी ढांचे के उन्नयन पर चर्चा हुई। समिति ने इसे परिवहन लागत कम करने और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।

अंतिम सत्र में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम और राष्ट्रीय इस्पात लिमिटेड के कामकाज की समीक्षा की गई। अनुराग ठाकुर ने परिचालन व्यवस्था के आधुनिकीकरण, इस्पात उत्पादन में आत्मनिर्भरता और देश के बुनियादी ढांचे तथा आर्थिक विकास लक्ष्यों में इन उद्योगों की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के अनुरूप खनिज एवं इस्पात क्षेत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Exit mobile version