Site icon Dainik Savera Times

विद्यार्थी जीवन भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण चरण: अनुपम कश्यप

शिमला: उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने मंगलवार को कोटखाई स्थित केंद्रीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि विद्यार्थी जीवन मानव जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसी चरण में युवाओं के भविष्य की दिशा और दशा तय होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन में रहकर पूरी लगन और मेहनत के साथ ज्ञान अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं।

उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इससे उनका सर्वांगीण विकास होता है और वे दुर्व्यसनों से भी दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को पारितोषिक वितरित कर सम्मानित किया। वहीं, केंद्रीय विद्यालय कोटखाई के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों पर उपायुक्त ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, एसडीएम कोटखाई गुरमीत नेगी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version