Site icon Dainik Savera Times

जल की बर्बादी रोकने के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित

 

300 Students Attend Water Conservation Seminar : शिमला। SUEZ इंडिया, SJPNL एवं सहयोगी संस्था ईशावास लोक कल्याण सोसायटी द्वारा आज शिमला के फागली वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जल संरक्षण एवं SJPNL की 24×7 निरंतर दबावयुक्त जलापूर्ति परियोजना को लेकर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी तोमर के नेतृत्व में लगभग 300 विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों सहित उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेमिनार के दौरान SUEZ के जनसंपर्क अधिकारी राहुल शर्मा, ईशावास लोक कल्याण सोसायटी के अध्यक्ष कैलाश वर्मा एवं सचिव सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को शिमला में संचालित 24×7 जलापूर्ति परियोजना की विभिन्न गतिविधियों, इसके उद्देश्यों तथा शहरवासियों को मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विद्यार्थियों को बताया गया कि इस परियोजना का उद्देश्य शिमला शहर में चौबीसों घंटे स्वच्छ एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करना है, जिससे लोगों को नियमित और निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही परियोजना के तहत किए जा रहे पाइपलाइन बिछाने, जल वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने एवं अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों के बारे में भी जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जल संरक्षण के महत्व, पानी के विवेकपूर्ण उपयोग तथा वर्षा जल संग्रहण (Rainwater Harvesting) के विभिन्न तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।

उन्हें दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने, नलों को खुला न छोड़ने, पानी का पुनः उपयोग करने तथा वर्षा जल को संरक्षित करने जैसे महत्वपूर्ण उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी तोमर ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए जल संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया।

Exit mobile version