Students watched the assembly proceedings : शिमला। उत्कृष्ट महाविद्यालय संजौली और विधि अध्ययन संस्थान हरिदेवी के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के सातवें दिन की कार्यवाही देखी। इससे पहले छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से मुलाकात कर संसदीय प्रणाली, सत्र संचालन और सदन में स्पीकर की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे।
संवाद के दौरान पठानियां ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि आज के युवा तथा छात्र -छात्राएँ संसदीय प्रणाली, संवैधानिक व्यवस्था को जानने में रूचि ले रहे हैं तथा सदन की कार्यवाही देखने दूर-दूर से आ रहे हैं। छात्र – छात्राओं के साथ संवाद के दौरान वहाँ पर मौजूद इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए पठानियां ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। उन्होने कहा कि इस देश की आबादी में युवाओं की संख्या लगभग 40 प्रतिशत है जो किसी भी देश में सर्वाधिक है। आज के युवा कल के नेता हैं। आज देश हमारे युवा साथियों के हाथ में सुरक्षित है। जिस तरह आज के युवा, विद्यार्थी तथा यहाँ तक कि जूनियर स्कूल के छात्र – छात्राएं भी सदन की कार्यवाही देखने आ रहे हैं वह प्रशंसनीय है। उन्हें उसे साक्षात देखने का मौका मिल रहा है जिसे उन्होने किताबों में पढ़ा है।
उन्होने सभी छात्र – छात्राओं को सदन की कार्यवाही देखने की अनुमति दे रखी है ताकि वह संसदीय प्रणाली, संघीय ढाँचे तथा देश के अन्दर विद्यमान लोकतान्त्रिक व्यवस्था से रूबरू हो सकें। उन्होने कहा कि इसी सदन के अन्दर छात्र -संसद का भी आयोजन किया गया था तथा वह बहुत कामयाब रहा। जिस तरह छात्र – छात्राओं ने मुख्यमंत्री, मंत्री परिषद सदस्य तथा स्पीकर पद का अभिनय किया वह हैरान करने वाला तथा मुल्यों पर आधारित था। उन्होने सदन के अन्दर कई ज्वलंत विषय उठाए तथा उनके निराकरण का सदन के अन्दर चर्चा द्वारा प्रयास किया वह और भी अदभुत था। वह लोकतान्त्रिक प्रणाली की मजबुती का सबब था। पठानियां ने सभी को सदन की कार्यावाही देखने के लिए आमंत्रित किया तथा अपनी अनंत शुभकामनाएं दी।

