हिमाचल डेस्कः प्रदेश में पशुपालन विभाग की ओर से 500 पदों पर पशु मित्र भर्ती के लिए आयोजित की जा रही शारीरिक परीक्षा पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। 25 किलो का कट्टा उठाकर दौड़ लगाने की शर्त को लेकर उठे विवाद के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया गया। विधानसभा के बजट सत्र से पहले सरकार ने यह कदम उठाया है।
ये भी देखें :-
नई एसओपी जारी होगी
सरकार अब भर्ती प्रक्रिया के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करेगी। आगामी आदेश तक शारीरिक परीक्षण स्थगित रहेगा। विभाग की ओर से जारी कार्यालय आदेश में प्रशासनिक कारणों का हवाला दिया गया है। नई एसओपी के आधार पर ही भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
25 किलो वजन के साथ दौड़ते समय गिरी युवती
भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को 25 किलो का कट्टा उठाकर दौड़ लगाने की शर्त रखी गई थी। इसी दौरान एक युवती दौड़ते समय गिर पड़ी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और समाचारपत्रों में भी यह मामला प्रमुखता से उठाया गया।
इस शारीरिक परीक्षा की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए गए। विशेषकर महिलाओं के लिए इस प्रकार की शर्तों को कठोर और अव्यावहारिक बताया गया।
विभाग का आदेश
पशुपालन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पशु मित्र भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रोका जाता है। सभी नियंत्रक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी यह प्रक्रिया चल रही है, उसे तुरंत बंद किया जाए। राज्य सरकार अब भर्ती प्रक्रिया के मापदंडों की पुनर्समीक्षा करेगी, ताकि चयन प्रक्रिया पारदर्शी, व्यावहारिक और सभी वर्गों के लिए न्यायसंगत बन सके। नए दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी।
ये भी पढ़ें :-

