Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल विधानसभा परिसर में अटैची प्रदर्शन पर CM सुक्खू का जवाबी हमला, बोले- भाजपा ने शुरू की अटैची की राजनीति

August 24, 2026

हिमाचल विधानसभा परिसर में अटैची प्रदर्शन पर CM सुक्खू का जवाबी हमला, बोले- भाजपा ने शुरू की अटैची की राजनीति

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन के बाहर कांग्रेस और भाजपा के बीच जारी राजनीतिक टकराव और तीखा हो गया। विधानसभा परिसर में भाजपा द्वारा अटैची लेकर किए गए प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर भ्रष्टाचार, विधायकों की खरीद-फरोख्त और जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटैची की राजनीति की शुरुआत भाजपा ने की थी और आज वही लोग भ्रष्टाचार के नाम पर नाटक कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में किसी मंत्री या मंत्रिमंडल पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। इसके बावजूद भाजपा लगातार बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा परिसर में भाजपा नेताओं को अटैची लेकर प्रदर्शन करते देखकर उन्हें आश्चर्य हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब कांग्रेस सरकार के छह विधायक और तीन निर्दलीय विधायक भाजपा के संपर्क में गए थे, तब प्रदेश की राजनीति में अटैची की चर्चा जोरों पर थी। आज भाजपा खाली अटैची लेकर यह संदेश देना चाहती है कि उन्हें भर दिया जाए, जबकि प्रदेश की जनता सब कुछ जानती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज ईमानदारी का पाठ पढ़ा रहे हैं, वही अतीत में सत्ता और धनबल के सहारे राजनीति करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश की संपदा को लूटने का काम किया और सत्ता का दुरुपयोग किया। कांग्रेस सरकार प्रदेश के संसाधनों की रक्षा कर रही है और किसी को भी जनता के हितों के साथ खिलवाड़ नहीं करने देगी।

ED और CBI के दुरुपयोग का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान उनके समर्थकों और परिवार से जुड़े लोगों के यहां प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई हुई थी। उनके भाई की जमीन तक की जांच की गई, लेकिन कांग्रेस कभी दबाव में नहीं आई। उन्होंने कहा कि आज भी ED और CBI केंद्र सरकार के अधीन हैं, लेकिन
कांग्रेस को अपनी राजनीति चलाने के लिए किसी अटैची या दबाव की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि अटैची की जरूरत उन्हें पड़ती है जो घोटाले करते हैं। कांग्रेस सरकार ने हिमकेयर, शराब ठेकों और अन्य मामलों में अनियमितताओं की जांच शुरू की है, इसलिए कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और आने वाले समय में कई और तथ्य जनता के सामने रखे जाएंगे।

राष्ट्रगान विवाद पर भाजपा को घेरा…

राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर जारी विवाद पर मुख्यमंत्री ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले राष्ट्रगान के मुद्दे पर सदन में विवाद खड़ा कर चुकी है। राष्ट्रगान पर सवाल उठाना और उस पर राजनीति करना देश का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया है और राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान की परंपरा हमेशा कायम रखी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश में सुई तक नहीं बनती थी तब कांग्रेस के नेतृत्व में औद्योगिक और लोकतांत्रिक भारत की नींव रखी गई। संविधान और लोकतंत्र की मजबूती में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका रही है और भाजपा को राष्ट्रवाद पर कांग्रेस को सीख देने का कोई अधिकार नहीं है।

महंगाई से ध्यान भटकाने का प्रयास : सुक्खू

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा प्रदेश और देश में बढ़ती महंगाई, प्याज और चीनी की कीमतों जैसे वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अटैची राजनीति कर रही है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि भाजपा नेता अपनी अटैचियों में प्याज या चीनी भरकर जनता में बांट देते तो लोगों को कुछ राहत मिलती। उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि प्रदेश के अधिकारों और हितों की लड़ाई कौन लड़ रहा है। कांग्रेस सरकार प्रदेश के हक की लड़ाई लड़ रही है और केंद्र से भी हिमाचल के लिए उसके अधिकारों की मांग मजबूती से उठा रही है।

हाल ही में राहुल गांधी से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय पर कोई विशेष चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्रिमंडल विस्तार या किसी राजनीतिक फेरबदल को लेकर राहुल गांधी के साथ कोई बैठक नहीं हुई है। पार्टी नेतृत्व से नियमित संवाद होता रहता है, लेकिन फिलहाल ऐसी कोई विशेष राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।

भाजपा की 2017 की चार्जशीट का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन नेताओं के खिलाफ आज जांच या कार्रवाई की जा रही है, उनके नाम भाजपा की 2017 की चार्जशीट में भी दर्ज थे। उन्होंने कहा कि भाजपा उस समय जिन लोगों पर आरोप लगाती थी, आज उन्हीं के बचाव में खड़ी नजर आ रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार केवल तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई कर रही है और किसी के साथ राजनीतिक दुर्भावना नहीं रखी जा रही।

मंत्रिमंडल विस्तार पर दिए संकेत….

मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उचित समय आने पर सभी को जानकारी दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का अभी भी पर्याप्त कार्यकाल बाकी है और सभी राजनीतिक तथा प्रशासनिक फैसले पार्टी नेतृत्व और संगठन से चर्चा के बाद लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन देना है। प्रदेश की संपदा और संसाधनों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है और जनता के हितों के खिलाफ किसी भी प्रकार की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अंततः जनता ही तय करेगी कि सच क्या है और प्रदेश हित में कौन काम कर रहा है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें