Site icon Dainik Savera Times

Himachal: किन्नौर की महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये, हिमाचल दिवस पर सीएम सुक्खू बड़ी घोषणा

हिमाचल डेस्क: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रिकांगपिओ में आयोजित हिमाचल दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने तिरंगा झंडा फहराया और परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने किन्नौर की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये मासिक देने की घोषणा की। यह राशि उन परिवारों की महिलाओं को दी जाएगी जिनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के सभी भुगतान समयबद्ध तरीके से किए जाएंगे। 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2021 तक सेवानिवृत्त हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का बकाया ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट एरियर का भुगतान मई में किया जाएगा, जिस पर लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही उन्होंने क्लास-1 और क्लास-2 अधिकारियों के वेतन से तीन प्रतिशत डिफरमेंट वापस लेने की घोषणा की, जबकि मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी सहित उच्च अधिकारियों के वेतन में 20 से 30 प्रतिशत की अस्थायी रोक जारी रहेगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के तहत कुल्लू, ऊना, नाहन, बिलासपुर और धर्मशाला के जिला अस्पतालों में एमआरआई मशीनें लगाई जाएंगी। वहीं चंबा, नाहन और बिलासपुर अस्पतालों में मेमोग्राफी मशीन स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 300 चिकित्सकों की भर्ती की है और सभी मेडिकल कॉलेजों में पीजी के 314 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि पहला डे बोर्डिंग स्कूल रिकांगपिओ में शुरू किया जाएगा, जो अगले छह वर्षों में स्थापित होगा। 151 स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ा गया है, जिससे विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। सभी स्कूलों में समान फीस लागू की जाएगी और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डे बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ग्रीन कवर को 2030 तक 29 प्रतिशत से बढ़ाकर 32 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए ‘मिशन 32 प्रतिशत’ शुरू किया जाएगा और 500 मेगावाट के सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किए जाएंगे। कार्यक्रम में पुलिस और स्कूली बच्चों की टुकड़ियों ने परेड प्रस्तुत की तथा विभिन्न जिलों के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांधा।

Exit mobile version