Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिमला में फहराया झंडा, तो… गणतंत्र दिवस से पहले मुख्यमंत्री सुक्खू को मिली धमकी

January 21, 2026

शिमला में फहराया झंडा, तो… गणतंत्र दिवस से पहले मुख्यमंत्री सुक्खू को मिली धमकी

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर मानव बम हमले की धमकी मिली है। यह धमकी जिला उपायुक्त शिमला की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जिला उपायुक्त कार्यालय शिमला को प्राप्त यह ई-मेल एक अज्ञात ई-मेल आईडी से भेजा गया था। मेल मिलने के बाद इसे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शिमला कार्यालय के माध्यम से थाना सदर शिमला को भेजा गया, जहां एसपी शिमला के पत्र के आधार पर मामला दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें :- सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में इन पदों पर निकली भर्ती, तुरंत करें आवेदन

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस साइबर तकनीकी सहायता की मदद से ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है।

दहशत फैलाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार ई-मेल में दी गई जानकारी पूरी तरह अफवाह और झूठी पाई गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जानबूझकर यह संदेश आम जनता में डर और दहशत फैलाने के उद्देश्य से भेजा गया। इस प्रकार की धमकियां न केवल भय का माहौल पैदा करती हैं, बल्कि देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता के लिए भी गंभीर खतरा मानी जाती हैं।

गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा कड़ी

26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, साथ ही संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें :- अरावली में गैर-कानूनी माइनिंग से होगा अपूरणीय नुकसान: सुप्रीम कोर्ट की सख्त चेतावनी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें