Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुख्यमंत्री सुक्खू ने मनाली मैराथन के चौथे संस्करण की टी-शर्ट का किया अनावरण

October 23, 2026

मुख्यमंत्री सुक्खू ने मनाली मैराथन के चौथे संस्करण की टी-शर्ट का किया अनावरण

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को मनाली मैराथन के चौथे संस्करण के लिए टी-शर्ट का अनावरण किया। जिला कुल्लू के मनाली में 30 अक्तूबर से 1 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाली इस मैराथन का आयोजन मनाली मैराथन एवं हिमालयन एक्सट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है। आयोजकों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।

नशामुक्त, स्वच्छ और स्वस्थ हिमाचल का संदेश

इस वर्ष मैराथन की थीम ‘ग्रीन वॉरियर्स: यूथ इनिशिएटिव फॉर ए ड्रग फ्री, फिट एंड क्लीन हिमाचल’ रखी गई है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। मैराथन में 100 किलोमीटर का चुनौतीपूर्ण रोहतांग पास अल्ट्रा चैलेंज, 42 किलोमीटर की फुल मैराथन, 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन तथा 10 और 5 किलोमीटर की मास रन श्रेणियां शामिल होंगी। आयोजन का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को ऊंचाई वाले साहसिक खेलों, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म के लिए विश्वस्तरीय गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और इस सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जनभागीदारी बेहद जरूरी है और सरकार इस अभियान में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक हरीश जनारथा, महाधिवक्ता अनूप रत्न और आयोजक संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें