शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान तांगणू-जांगलिक पंचायत क्षेत्र का दौरा किया और हाल ही में भूस्खलन के कारण अवरुद्ध जांगलिक सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सड़क को दस दिन के भीतर यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बागवानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सड़क बहाली के कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में इसे यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द सामान्य करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन जांगलिक पुल के कार्य को पूरा करने के लिए चार करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके साथ ही थैंटवाड़ी गांव में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इस तरह जांगलिक पुल और थैंटवाड़ी क्षेत्र के लिए कुल छह करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने और क्षतिग्रस्त आधारभूत ढांचे को जल्द बहाल करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क और पुल जैसी आवश्यक सुविधाओं की बहाली से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी और बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी। इस अवसर पर रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
📍 Location: शिमला (शिमला)

