Dainik Savera Times

तकलेच पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुक्खू का भव्य स्वागत, सीबीएसई स्कूल व बस स्टैंड की घोषणाएं

रामपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तकलेच पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों के बीच लोगों ने लंबी कतारों में खड़े होकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान विभिन्न स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं।

मुख्यमंत्री ने तकलेच स्कूल को सीबीएसई के अंतर्गत लाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को सीबीएसई शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए पहले अभिभावकों को उन्हें शहरों में भेजना पड़ता था। इससे बच्चों की शिक्षा पर अतिरिक्त खर्च होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन को भी बढ़ावा मिलता था।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी क्षेत्र में सीबीएसई स्कूल शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। इससे जहां गांवों से पलायन को रोकने में मदद मिलेगी, वहीं अभिभावकों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी कम होगा।

मुख्यमंत्री ने तकलेच में नया बस स्टैंड बनाने की दिशा में सर्वे करवाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सर्वे के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर यहां बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा। स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों की मांगों पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण और सुधार के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं उनके घर के नजदीक ही उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान तकलेच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version