Dainik Savera Times

गांधी-शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Himachal CM Sukhu

शिमला। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी गांव में दोनों महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श एवं सिद्धांत आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने अपने जीवन के माध्यम से सत्य, अहिंसा, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। वर्तमान पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के विकास और समाज के कल्याण में योगदान देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता दिलाने के आंदोलन का नेतृत्व किया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की सेवा की। उनके जीवन से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा मिलती है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय प्रवास पर हैं। प्रवास के दौरान उन्होंने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत भटवाड़ी गांव में रात्रि प्रवास भी किया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version