सुंदरनगर/मंडीः सर्व कामगार संगठन हिमाचल प्रदेश की राज्य समिति की बैठक सुंदरनगर स्थित कार्यालय में राज्य अध्यक्षा यशोदा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान कामगारों की समस्याओं, संगठन की मजबूती और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी जिला इकाइयां 20 दिसंबर तक अपनी सदस्यता राज्य कमेटी कार्यालय में जमा करवाएंगी। वहीं, 23 और 24 जनवरी को बंजार में राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा निर्माण कामगारों और VBGRAMG योजना से जुड़े कामगारों को संगठित एवं जागरूक करने के लिए ग्रामीण स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। संगठन की ओर से प्रदेश सरकार को आवारा पशुओं और जंगली जानवरों से किसानों की फसलों को बचाने के लिए स्थायी समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के महासचिव अजित राठौर और राज्य सलाहकार अमर सिंह राघव ने कहा कि पंचायत स्तर पर VBGRAMG योजना में किए गए बदलावों के कारण कामगारों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। ऑनलाइन हाजिरी लगाने और निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाने में भी कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। वहीं, कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं और विभिन्न क्लेम के मामले कई वर्षों से लंबित पड़े हैं। उन्होंने इन समस्याओं को लेकर जन आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से मनरेगा को बहाल कर सुचारू रूप से संचालित करने तथा कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से लाखों कामगारों के लंबित क्लेम जल्द जारी करने की मांग उठाई।
अमर सिंह राघव ने कहा कि कामगारों को संगठन के मूल सिद्धांतों सत्य, ईमानदारी, सेवा, प्रेम और शांति को अपनाते हुए राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मानसिक गुलामी से मुक्त समाज की स्थापना के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कामगारों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर जन आंदोलन चलाने का आह्वान किया। बैठक में मंडी से अमर सिंह राघव, यशोदा, जोगिंदर और ललित कुमार, कुल्लू से अजित राठौर, रागेश्वरी और गुड्डी सहित चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना और हमीरपुर के सदस्यों ने भाग लिया।
📍 Location: Kullu (Kullu)

