Site icon Dainik Savera Times

सुंदरनगर में स्वयं सहायता समूहों की 15 महिलाओं को उत्पाद डिजाइन एवं विकास का प्रशिक्षण, स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

सुंदरनगर: आरएएमपी परियोजना के अंतर्गत बुधवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय सुंदरनगर में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं के लिए एक दिवसीय उत्पाद डिजाइन एवं विकास प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें पारंपरिक खाद्य उत्पादों की तैयारी, उत्पाद विकास, पैकेजिंग और मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में दक्ष बनाना था।

कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 15 महिलाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्रधानाचार्य मनोहर लाल ने प्रशिक्षक के रूप में महिलाओं को विभिन्न उत्पादों की तैयारी, डिजाइन, विकास, गुणवत्ता सुधार, आकर्षक पैकेजिंग तथा उत्पादों के मूल्य संवर्धन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

उन्होंने महिलाओं को पारंपरिक खाद्य उत्पादों को बेहतर स्वरूप प्रदान कर उन्हें बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास एवं उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तलाश सकती हैं।

कार्यशाला में ईओ (उद्योग) भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी 15 प्रतिभागी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

📍 Location: Mandi (Mandi)

Exit mobile version