शिमला। भारतीय जनता पार्टी जिला शिमला द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को “सेवा ज्योति यात्रा” एवं विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और आज उन्होंने शासन प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे किए। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज मुख्य वक्ता रहे।
वाइब्रेशन हॉल में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव सुना। प्रधानमंत्री ने 25 वर्षों की अपनी यात्रा को व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय देश और जनता के विश्वास से जुड़ी यात्रा बताते हुए विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। भाजपा का प्रदेशव्यापी सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष केवल किसी व्यक्ति के राजनीतिक जीवन का पड़ाव नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र प्रथम की भावना से जुड़ी यात्रा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज भी विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को दोहराया है और प्रत्येक कार्यकर्ता को इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का काम करना चाहिए।
भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण को शासन की प्राथमिकताओं में रखा है। केंद्र सरकार के अनुसार 80 करोड़ से अधिक लोगों के लिए मुफ्त राशन तथा 60 करोड़ से अधिक गरीब नागरिकों के लिए मुफ्त चिकित्सा उपचार का दायरा उपलब्ध कराया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के हालिया प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि बीते वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए हैं।
उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी का संदेश स्पष्ट है—राष्ट्र प्रथम। विकसित भारत केवल प्रधानमंत्री का सपना नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प होना चाहिए। जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्य को राष्ट्र निर्माण से जोड़ेगा, तभी 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य साकार होगा।”
भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सफर गुजरात से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा है। इस अवधि में सेवा और जनभागीदारी को शासन से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा ज्योति को केवल एक दिन की यात्रा तक सीमित न रखें, बल्कि गरीब की सहायता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के माध्यम से इसे निरंतर आगे बढ़ाएं।
उन्होंने कहा, “आज हमें संकल्प लेना है—न रुकेंगे, न थकेंगे; विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर कार्य करेंगे। सेवा हमारी प्रेरणा, राष्ट्र प्रथम हमारा संकल्प और विकसित भारत हमारा लक्ष्य है।” कार्यक्रम के उपरांत भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिमला के लोअर बाजार से सेवा ज्योति यात्रा निकाली। कार्यकर्ता सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर आगे बढ़े। इसके साथ ही रिज मैदान पर रंगोली कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष केशव चौहान, विधायक रीना कश्यप, प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद, शिमला से भाजपा प्रत्याशी संजय सूद, प्रदेश सचिव संजय ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट, गणेश दत्त, प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला सह प्रभारी अजय ठाकुर, रमा ठाकुर, प्यार सिंह कंवर, खुश विक्रम सेन, पार्षद कमलेश मेहता, निशा ठाकुर, बिट्टू पाना, कल्याण धीमान, आशा शर्मा, रवि मेहता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीना शर्मा, जिला महामंत्री सत्य प्रकाश मानक, राजेंद्र झीना, मंडल अध्यक्ष संजीव चौहान पिंकू, यशपाल ठाकुर, कमल ठाकुर, सुशील चौहान, जितेंद्र भोटका, किशोर ठाकुर, हनीश चोपड़ा, राजेश शारदा, सुमित ठाकुर, किरण बावा, जिला मीडिया विभाग प्रमुख वीरेंद्र शर्मा, प्रेम ठाकुर, संजीव देश्टा, तरुण राणा, किमी सूद, लता शर्मा, रूपा शारदा, राजू ठाकुर, निखिल ठाकुर, मोहित ठाकुर, गौरव शर्मा, जितेंद्र सिंह और राजेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
📍 Location: शिमला (शिमला)

