Suresh Kashyap Questions Congress Over Differences on New Districts : शिमला। भाजपा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मुद्दे पर मंत्री और विधायक अलग-अलग बयान दे रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सरकार की नीति स्पष्ट करने की मांग की। कश्यप ने कहा कि प्रशासनिक पुनर्गठन जैसे महत्वपूर्ण फैसले राजनीतिक प्राथमिकताओं के बजाय आर्थिक संसाधनों, भौगोलिक परिस्थितियों और जनहित को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूपित भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बाबा साहेब एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई, ताकि संविधान के महत्व और गौरव को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए सुरेश कश्यप ने नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस के भीतर सामने आ रहे मतभेदों पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के मंत्री और विधायक इस विषय पर अलग-अलग राय व्यक्त कर रहे हैं। इससे सरकार की नीतिगत स्पष्टता और नेतृत्व के बीच समन्वय पर सवाल उठ रहे हैं। कश्यप ने कहा कि कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने स्वयं स्वीकार किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वह नए जिलों के गठन के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने प्रशासनिक खर्च बढ़ने का तर्क देते हुए जनगणना के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात कही है। वहीं, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह शिमला जिले के विभाजन का विरोध कर चुके हैं और विधायक रघुबीर सिंह बाली भी कांगड़ा के विभाजन के पक्ष में नहीं हैं।
दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और पार्टी के कुछ विधायक प्रशासनिक पुनर्गठन का समर्थन कर रहे हैं। कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को स्पष्ट करना चाहिए कि नए जिलों के गठन को लेकर सरकार की वास्तविक नीति क्या है। सरकार बताए कि प्रशासनिक पुनर्गठन से होने वाले अतिरिक्त व्यय, जनसुविधाओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं का कितना आकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय राजनीतिक प्राथमिकताओं के बजाय भौगोलिक परिस्थितियों, आर्थिक संसाधनों और व्यापक जनहित के आधार पर लिए जाने चाहिए।