
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के लिए तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड के परिचालन वृत कुल्लू की ओर से आयोजित यह शिविर 13 से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य लोगों को योजना के लाभों से अवगत कराना और पात्र उपभोक्ताओं को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराना है।
योजना की पात्रता और सब्सिडी की मिलेगी जानकारी
परिचालन वृत कुल्लू के उप मुख्य अभियंता इंजीनियर रोहित ठाकुर ने बताया कि शिविर के माध्यम से उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसमें योजना की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया, केंद्र सरकार की वित्तीय सहायता एवं सब्सिडी, घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने और नेट मीटरिंग की व्यवस्था के बारे में विस्तार से समझाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में इच्छुक उपभोक्ताओं के पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि लोगों को योजना से जुड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन मिल सके।
सोलर विक्रेताओं और बैंकों से जुड़ने का अवसर
शिविर के दौरान लोगों को पंजीकृत रूफटॉप सोलर विक्रेताओं और सहयोगी बैंकों से संपर्क करने में भी सहायता दी जाएगी। इससे उपभोक्ता सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए उपलब्ध विकल्पों, ऋण सुविधाओं और अन्य वित्तीय व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल का मकसद योजना से संबंधित प्रक्रियाओं को समझना आसान बनाना और अधिक से अधिक लोगों को घरों में सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सुबह 10 से शाम 5 बजे तक लगेगा शिविर
‘सेवा सेतु’ शिविर अधीक्षण अभियंता, परिचालन वृत, हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड, कुल्लू के कार्यालय में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
कुल्लू के निवासियों से भाग लेने की अपील
उप मुख्य अभियंता रोहित ठाकुर ने जिले के निवासियों से अपील की है कि वे इस शिविर में पहुंचकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार इसका लाभ उठाने के लिए पंजीकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता शिविरों से लोगों को रूफटॉप सोलर प्रणाली के बारे में समझने, उपलब्ध वित्तीय सहायता की जानकारी लेने और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने में मदद मिल सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...