कुल्लूः सूत्रधार कला संगम कुल्लू की कार्यकारिणी बैठक आज दिनांक 14 अगस्त 2026 शुक्रवार को संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में सूत्रधार भवन स्थित कार्यालय में सम्पन्न हुई । बैठक में संस्था के स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे दुसरे कार्यक्रम 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई । संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि सूत्रधार कला संगम कुल्लू के स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत वर्षा ऋतु पर आधारित 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव का भव्य आयोजन अटल सदन कुल्लू के विशाल सभागार में 22 अगस्त 2026 शनिवार को सायं 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक किया जायेगा ।
उन्होंने बताया कि मल्हार भारतीय संगीत परंपरा में वर्षा ऋतु से जुड़ी एक अत्यंत सुंदर सांगीतिक अभिव्यक्ति है । इसी परंपरा को जीवंत करते हुए इस वर्ष मल्हार उत्सव में वर्षा ऋतु पर आधारित सदाबहार गीतों, रंगारंग गीत-संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत की जाएंगी । कार्यक्रम का उद्देश्य संगीत प्रेमियों को उच्च स्तरीय सांस्कृतिक मनोरंजन प्रदान करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी है।
कार्यक्रम में सूत्रधार संगीत अकादमी के प्राचार्य पं० विद्या सागर एवं निशांत गौतम के दिशा-निर्देशन में संस्था के कलाकार अर्पिता, करिश्मा, धनवंती, पायल, अनुष्का, रेखा, तारा, जीवन बुडाल, संजय पुजारी, दीप, क्षितिज, विजय, अमित महंत, दिनेश सहित अन्य कलाकार अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे । इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त टीम रेट्रो सारेगामा हरियाणा के प्रतिष्ठित कलाकार डॉ. कविता शोभू, डॉ. सुधीर शर्मा, प्रवीण राठी, संदीप कुमार, सुशील चौहान, ऋषभ एवं गौरव भी अपनी विशेष सांगीतिक प्रस्तुतियां देंगे । वहीँ कला एवं संस्कृति को समर्पित व्यक्तित्व सुंदर श्याम महंत मंच उद्घोषक के रूप में अपनी सेवाएँ देंगे । संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि सूत्रधार कला संगम केवल कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी निरंतर निर्वहन कर रहा है।
आज के समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है। कला, संगीत, नृत्य एवं संस्कृति युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के प्रभावी माध्यम हैं । इस 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव के माध्यम से भी युवाओं को नशे से दूर रहने तथा रचनात्मक एवं स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” के संदेश को आत्मसात करते हुए संगीत, कला, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें और नशा मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं । उन्होंने कहा कि यह 19वां सूत्रधार मल्हार उत्सव सभी कला प्रेमियों एवं आम जनमानस के स्वस्थ मनोरंजन के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा=। उन्होंने कुल्लूवासियों, संगीत प्रेमियों एवं युवाओं से अपने परिवार एवं प्रियजनों सहित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया। बैठक में कार्यक्रम की मंच व्यवस्था, कलाकारों के स्वागत, प्रचार-प्रसार, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई और कार्यकारिणी सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संस्था के उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह को कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है । उनके साथ महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगेंद्र ठाकुर, भण्डार प्रभारी तिलक राज चौधरी एवं प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम व्यवस्थाओं में अपना सहयोग देंगे । बैठक में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन सहित संरक्षक मण्डल सदस्य युवराज बौध, उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगेंद्र ठाकुर, भण्डार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मंजू लता शर्मा, यशोदा शर्मा, हितेश कुमार गोगी, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, लोक नृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण आचार्य, कैप्टन रणधीर सिंह सल्हुरिया एवं सुबोध सूद, प्राचार्य संगीत अकादमी पं० विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य जीवन व संजय तथा प्रबन्धक उत्तम चन्द उपस्थित रहे।
📍 Location: Kullu (KULLU)

