Site icon Dainik Savera Times

जल्द ही होगा शपथ ग्रहण, दिल्ली को मिलेगी ईमानदार सरकार : अनुराग ठाकुर

हमीरपुर। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 48 सीट जीतकर ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाली भाजपा ने अब तक मुख्यमंत्री चेहरा घोषित नहीं किया है। 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम आए थे। लेकिन, सप्ताह भर बीतने के बावजूद भी भाजपा की ओर से नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। भाजपा में सीएम चेहरे को लेकर कई नाम चल रहे हैं। भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने इस विषय पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर से जब दिल्ली सीएम फेस को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘धैर्य रखें, अभी केवल आठ दिन हुए हैं, हमें 60 महीने के लिए जनता ने चुना है। हम दिल्ली में बेहतर सरकार चलाएंगे। जो लोग पिछले ग्यारह वर्षों में प्रदूषण, गंदगी और भ्रष्टाचार के माध्यम से दिल्ली को विनाश की ओर ले गए, उन्होंने शहर को बर्बाद कर दिया है। हमने दिल्ली के लोगों से वादा किया है कि हम एक ईमानदार सरकार देंगे, दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाएंगे, गंदी सड़कों को साफ करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि यमुना नदी साफ हो। हम एक अच्छी सरकार बनाएंगे। जल्द ही नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा।‘

संसद में जेपीसी की रिपोर्ट पर भाजपा सांसद ने कहा कि विपक्ष आखिरकार क्यों वक्फ बोर्ड में पारदर्शतिा नहीं चाहता है। हमारी सरकार चाहती है कि वक्फ की जमीनों का सही इस्तेमाल होना चाहिए। पीएम मोदी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जेपीसी बनाई जाए और इस मसले को हल किया जाए। लोकसभा में गृह मंत्री ने स्पष्ट किया था कि किसी भी राजनीतिक दल को लगता है कि इसमें किसी की बात को संलग्न नहीं किया गया है, तो उसे भी जोड़ा जाएगा। सभी प्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अवसर भी मिला। हमारी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि हम वक्फ की जमीन का गलत इस्तेमाल नहीं होने देंगे। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि वक्फ में पारदर्शिता होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: हिमाचल दौरे पर आ सकती हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार

Exit mobile version