हमीरपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा की केरल इकाई ने दिल्ली में सबरीमाला मंदिर स्वर्ण लूट प्रकरण को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सोनिया गांधी और कथित स्वर्ण लूट के मुख्य अभियुक्त उन्नीकृष्णन पोट्टी के बीच संबंधों की जांच की मांग करते हुए इस मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने की मांग उठाई। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि केरल की विशेष जांच दल की जांच निष्प्रभावी साबित हो रही है, इसलिए निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो की जांच आवश्यक है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस उच्च नेतृत्व का उन लोगों से संबंध रहा है, जिन पर भगवान अय्यप्पा के मंदिर से सोना चोरी करने का आरोप है। उन्होंने कहा कि करोड़ों अय्यप्पा भक्तों की आस्था से जुड़ा यह मामला गंभीर है और कांग्रेस नेतृत्व को देश के सामने जवाब देना चाहिए। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने दो स्तरों पर अय्यप्पा श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई। पहला, जब सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर अदालत का निर्णय आया, तब भाजपा ने परंपराओं की रक्षा के लिए विरोध दर्ज किया, जबकि कांग्रेस ने उसका समर्थन किया।
दूसरा, सबरीमाला स्वर्ण लूट मामले में मुख्य अभियुक्त उन्नीकृष्णन पोट्टी की सोनिया गांधी से कथित मुलाकातों पर उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले कांग्रेस नेताओं को भी स्पष्टीकरण देना चाहिए। ठाकुर ने कहा कि यदि कांग्रेस निदरेष है तो उसे केंद्रीय जांच ब्यूरो की जांच से डरने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विज्ञान भवन से सोनिया गांधी के आवास तक मार्च निकालने का प्रयास किया, जिसे दिल्ली पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया।
इस दौरान केरल युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वी. मनुप्रसाद सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर वहां से हटाया गया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वी. मनुप्रसाद, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सहगल तथा प्रदेश महामंत्री विष्णु वांचीमाला और गोकुल गोपीनाथ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने दोहराया कि सबरीमाला स्वर्ण लूट मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

