Teachers’ Protest Continues for 85th Day : शिमला। हिमाचल प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों का मांगों को लेकर आंदोलन तेज हो रहा है। शिमला में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन 85वें दिन भी जारी रहा। संघ ने मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने और विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
आंदोलन के 100 दिन पूरे होने पर संघ ने शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया है। अनशन के 85वें दिन जिला शिमला के पीटीएफ ब्लॉक शिमला के पदाधिकारियों ने धरने पर बैठकर सरकार से मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की। क्रमिक अनशन में पीटीएफ ब्लॉक शिमला के महासचिव योगेश्वर ठाकुर, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के कार्यालय सचिव दुष्यंत शर्मा और ब्लॉक के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष नरेश शर्मा ने भाग लिया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेशभर के शिक्षक एकजुटता, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आंदोलन में भाग ले रहे हैं।
संघ के अनुसार आंदोलन को गांधीवादी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। दो अक्टूबर को शिमला से राज्य जिला, खंड और महिला विंग के पदाधिकारियों ने काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करने के कार्यक्रम की शुरुआत की थी। तीन अक्टूबर से प्रदेशभर में शिक्षक और मिड-डे मील वर्कर भी काले बिल्ले लगाकर कार्य कर रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी विद्यालयों में पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया है। संघ ने बताया कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को शिक्षकों की मांगों का मांगपत्र सौंपा जाएगा। इसके बाद धर्मशाला में शीतकालीन सत्र के दौरान विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
गौरतलब है कि 11 जुलाई को पैदल न्याय यात्रा के शिमला पहुंचने के बाद आंदोलन तेज हुआ था। 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना देने के बाद क्रमिक अनशन शुरू किया गया। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।

