Dainik Savera Times

खुद को काम में झोंकने की प्रवृत्ति हमारे लिए होनी चाहिए सामान्य : Kangana Ranaut

Kangana Ranaut attacks Rahul Gandhi for behaving like a 'tapori'

नई दिल्ली : अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत ने मंगलवार को ‘खुद को काम में झोंक देने की प्रवृत्ति’ को सामान्य बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि भारतीय आलसी नहीं हो सकते, क्योंकि देश को अभी विकसित राष्ट्र बनाना है। कंगना रनौत ने ‘इंस्टाग्राम स्टोरी’ में अपने विचार साझा किए, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सोमवार को अपना तीसरा कार्यकाल शुरू करने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के कर्मियों को दिए गए संबोधन का एक वीडियो क्लिप पोस्ट किया।

इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी को कहते सुना जा सकता है, मेरा हर क्षण देश के लिए है। मोदी ने कहा कि उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए चौबीस घंटे काम करने का वादा किया है। अपने पोस्ट में कंगना रनौत ने कहा कि वीकेंड (सप्ताहांत) की अवधारणा कुछ और नहीं बल्कि पश्चिमी मानसिकता है।

अपनी पोस्ट के कैप्शन में कंगना ने लिखा, हमें जुनूनी कार्य संस्कृति को सामान्य रूप से अपनाना होगा और सप्ताहांत का इंतजार करना तथा सोमवार के बारे में ‘मीम को लेकर शिकायत करना रोकना होगा। यह सब पश्चिमी मानसिकता वाले लोगों का छलावा है। हम अभी तक विकसित राष्ट्र नहीं हैं, और हम काम को लेकर बिल्कुल भी आलसी नहीं हो सकते। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और लंबे समय से मोदी समर्थक रहीं रनौत हिमाचल प्रदेश के मंडी से पहली बार लोकसभा चुनाव जीती हैं। उन्होंने छह बार मुख्यमंत्री रह चुके वीरभद्र सिंह और राज्य कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को हराया है।

Exit mobile version