Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘कॉक्रोच जनता पार्टी’ का क्रेज; हिमाचल में बेरोजगार युवाओं और जेन-जी की नई डिजिटल आवाज बना ट्रेंड

May 23, 2026

‘कॉक्रोच जनता पार्टी’ का क्रेज; हिमाचल में बेरोजगार युवाओं और जेन-जी की नई डिजिटल आवाज बना ट्रेंड

शिमला: हिमाचल प्रदेश में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नया नाम तेजी से चर्चा में है कॉक्रोच जनता पार्टी। देशभर में वायरल हो रहा यह डिजिटल ट्रेंड अब हिमाचल के युवाओं, खासकर जेन-जी और बेरोजगार अभ्यर्थियों के बीच भी जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर रहा है। इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स और यूट्यूब पर दिनभर इस नाम से जुड़े मीम, वीडियो, पोस्ट और रील्स वायरल होते रहे। प्रदेश के शिमला, मंडी, धर्मशाला, हमीरपुर, ऊना और सोलन जैसे शहरों में युवा इस ट्रेंड को लेकर खुलकर चर्चा कर रहे हैं।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के बीच कॉक्रोच जनता पार्टी को सिस्टम से नाराजगी और संघर्ष का प्रतीक माना जा रहा है। दरअसल यह कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर उभरा एक व्यंग्यात्मक डिजिटल आंदोलन है, जिसने युवाओं की बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में देरी, पेपर लीक, महंगाई और राजनीतिक निराशा जैसे मुद्दों को मीम और व्यंग्य के जरिए सामने रखा है।

हिमाचल में लंबे समय से सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, पेपर लीक विवाद और सीमित रोजगार अवसरों को लेकर युवा सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे हैं। ऐसे माहौल में कॉक्रोच जनता पार्टी युवाओं को अपनी भावनाएं व्यक्त करने का नया और अलग मंच देती नजर आ रही है। कई हिमाचली मीम पेजों और सोशल मीडिया अकाउंट्स ने इस ट्रेंड को स्थानीय मुद्दों से जोडऩा भी शुरू कर दिया है। कुछ पोस्टों में लिखा गया । पेपर लीक हो या भर्ती अटकी हो, कॉक्रोच की तरह युवा फिर भी जिंदा है।

वहीं कई रील्स में बेरोजगार युवाओं के संघर्ष को हास्य और व्यंग्य के अंदाज में दिखाया जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जेन-जी अब पारंपरिक राजनीति से ज्यादा डिजिटल नैरेटिव और मीम कल्चर से प्रभावित हो रही है। यही वजह है कि कॉक्रोच जनता पार्टी जैसा व्यंग्यात्मक ट्रेंड कुछ ही दिनों में लाखों युवाओं तक पहुंच गया। हिमाचल के कॉलेज छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का कहना है कि यह ट्रेंड केवल मजाक नहीं, बल्कि उनकी वास्तविक परेशानियों की झलक भी दिखाता है।

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे बेरोजगार युवाओं की डिजिटल क्रांति तक कह रहे हैं। राजनीतिक विशेषज्ञ मानते हैं कि भले ही कॉक्रोच जनता पार्टी फिलहाल केवल सोशल मीडिया ट्रेंड हो, लेकिन इसने साफ संकेत दे दिया है कि आज का युवा अपनी नाराजगी और उम्मीदों को व्यक्त करने के लिए नए डिजिटल प्रतीकों और मंचों का इस्तेमाल कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें