Site icon Dainik Savera Times

मेजर विजय सिंह मनकोटिया का निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति: अनुराग ठाकुर

धर्मशाला: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। रविवार को अनुराग ठाकुर कांगड़ा के तियारा स्थित स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया के आवास पर पहुंचे और शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने दिवंगत मेजर विजय सिंह मनकोटिया के परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया का निधन हिमाचल प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। सैन्य सेवा से लेकर सामाजिक और राजनीतिक जीवन तक मेजर मनकोटिया ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने अपने जीवन में विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज और प्रदेश के लिए योगदान दिया। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ समाज और प्रदेश ने भी एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व को खो दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, संगठनात्मक जिला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, पूर्व विधायक संजय चौधरी, पूर्व भाजपा प्रत्याशी संजय गुलेरिया, भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा, मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, वरिंदर चौधरी, ओम प्रकाश चौधरी, घनश्याम शर्मा, सुकृत सागर, कमल शर्मा, रवि दत्त शर्मा, अरुण कौशल, वरिंदर शर्मा, अभिषेक इंदौरिया और सतिंदर गौतम सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version