Site icon Dainik Savera Times

धरोंक गांव की पेयजल समस्या दूर करने के लिए सरकार ने जारी किए 2 करोड़ रुपये

शिमला: जिला शिमला की कोटखाई तहसील के धरोंक गांव में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति योजना के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 2 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इस राशि के जारी होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ होने की संभावना है।

इस संबंध में शुक्रवार को धरोंक गांव के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान के नेतृत्व में शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पेयजल योजना के लिए 2 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि यह योजना क्षेत्र की एक बड़ी और लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान में अहम भूमिका निभाएगी। पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होने से गांव के लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें पानी के लिए होने वाली परेशानियों से छुटकारा मिल सकेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि योजना को धरातल पर उतारने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि योजना का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होने पर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में स्थायी सुधार होगा।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को धरोंक गांव आने का निमंत्रण भी दिया। साथ ही क्षेत्र की अन्य विकासात्मक जरूरतों और विभिन्न मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उनकी सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों के लिए 2 करोड़ रुपये की यह राशि पेयजल संकट से निजात दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version