Site icon Dainik Savera Times

प्रदेश में एम्स जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं दे रही सरकार : CM Sukhu

हमीरपुर: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरु वार को नादौन में मीडिया से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा रोबोटिक सर्जरी को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा एम्स की तर्ज पर उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे प्रदेश के लोगों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जयराम ठाकुर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब वे नेरचौक मेडिकल कॉलेज में एक एमआरआई मशीन तक स्थापित नहीं कर पाए थे, जबकि अब स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने के प्रयासों पर अनावश्यक बयानबाजी की जा रही है।

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को उच्च स्तर पर ले जाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य है कि आम लोगों को घर के नजदीक ही बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी दिशा में प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में जून माह से कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। इसके साथ ही यहां मल्टी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि मरीजों को बड़े शहरों में उपचार के लिए न जाना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर में डेंटल कॉलेज शुरू करने की दिशा में भी सरकार ने कवायद शुरू कर दी है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी। एलपीजी गैस की कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में हिमाचल में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं पर किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो सरकार तुरंत आवश्यक कदम उठाकर स्थिति को सामान्य बनाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराने की जरूरत नहीं है।

प्रदेश में बन रहे तथाकथित थर्ड फ्रंट को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को पार्टी बनाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति जाना चाहता है वह जा सकता है, किसी को रोका नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार प्रदेश में अपना कार्यकाल पूरा करेगी और जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा हिमाचल प्रदेश के विकास की विरोधी बनकर सामने आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आरडीजी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर भाजपा ने चुप्पी क्यों साध रखी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Exit mobile version