the-mantra-of-development-for-panchayats : कुल्लू। धर्मपुर विकास खंड की 30 पंचायतों के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को मिनी सचिवालय धर्मपुर में एक दिवसीय पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विधायक चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर प्रतिनिधियों को जनहित, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पंचायतों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पंचायतों को मजबूत बनाकर होगा विकास
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पंचायत प्रतिनिधियों को ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा। इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाकर ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से रोजगार एवं आजीविका के अवसर बढ़ाने, ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने तथा गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की भावना के साथ करें तथा गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझें। सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों को मिशन के उद्देश्यों, पंचायत स्तर पर उनकी भूमिका तथा ग्रामीण परिवारों के लिए उपलब्ध रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि पिछले चार वर्षों में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र विकास के नए अध्याय की ओर अग्रसर हुआ है।