Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में बर्फबारी के साथ होगा नए साल का आगाज; ऊंचाई वाले इलाकों में गिरेगी बर्फ

December 31, 2025

हिमाचल में बर्फबारी के साथ होगा नए साल का आगाज; ऊंचाई वाले इलाकों में गिरेगी बर्फ

शिमला : हिमाचल प्रदेश में नए साल का स्वागत इस बार बर्फबारी और बारिश के साथ होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिसके चलते मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान उच्च और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी व बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर और 1 जनवरी के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है।

खासकर शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा और मंडी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के ज्यादा आसार हैं। वहीं निचले और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश भर में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक शोभित कटियार के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे प्रदेश में शीतलहर की स्थिति भी बन सकती है। नए साल के जश्न के बीच ठंड बढ़ने से लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत होगी।

पहाड़ी इलाकों में यात्र करने वालों को फिसलन और बर्फ जमने से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और अनावश्यक यात्र से बचने की सलाह दी है। बर्फबारी से जहां किसानों-बागवानों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को राहत की उमीद है, वहीं बढ़ती ठंड आम जनजीवन को प्रभावित कर सकती है। नए साल पर हिमाचल की वादियां बर्फ की चादर ओढ़कर सैलानियों को आकर्षित करेंगी, लेकिन मौसम की मार सेसतर्क रहना जरूरी होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें