Site icon Dainik Savera Times

मंडी में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री अनिरुद्ध ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

The Tricolour fluttered proudly in Mandi : मंडी। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को सेरी मंच पर देशभक्ति और उत्साह के माहौल में मनाया गया। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को नमन करते हुए प्रदेश सरकार की ग्रामीण विकास, सौर ऊर्जा, कृषि-बागवानी और पंचायतों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। समारोह में नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई तथा विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इससे पहले उन्होंने इंदिरा मार्केट परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से स्वतंत्रता सेनानियों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के प्रति राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा, जिन्होंने हमारी आजादी और खुशहाल भविष्य के लिए अपना सर्वस्व त्याग किया।

ग्रीन पंचायतों से सौर ऊर्जा को बढ़ावा, शहीदों को नमन

उन्होंने स्वाधीनता संग्राम में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग एवं बलिदान के फलस्वरूप देश आज प्रगति की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हिमाचल ने भी स्वाधीनता आंदोलन और देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानियों, उनके आश्रितों, सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। ग्रीन पंचायत कार्यक्रम के तहत सौर ऊर्जा से जगमगाएंगी पंचायतें पंचायतीराज मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रीन पंचायत कार्यक्रम शुरू किया है, जिसमें सभी पंचायतों में 500 किलोवाट की ग्राऊंड माऊंटेड सौर ऊर्जा परियोजनाएं लगाई जा रही हैं। इन परियोजनाओं से होने वाली आय का 25 प्रतिशत हिस्सा संबंधित ग्राम पंचायतों के अनाथ बच्चों और विधवाओं के कल्याण के लिए खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पेखूबेला, भंजाल और अघलौर सहित विभिन्न सौर ऊर्जा परियोजनाओं का निर्माण रिकॉर्ड अवधि में पूरा किया है। हिमाचल प्रदेश चरागाह नीति-2026 से 40 हजार परिवार होंगे लाभान्वित उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपए प्रति लीटर और भैंस के दूध का खरीद मूल्य 71 रुपए प्रति लीटर किया गया है। मंडी जिला में भी करीब 21 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है। पशुपालक समुदायों की आजीविका मजबूत करने के लिए हिमाचल प्रदेश चरागाह नीति-2026 को मंजूरी दी गई है। इसके लिए 300 करोड़ रुपए के समर्पित कार्यक्रम को भी स्वीकृति दी गई है जिससे 40 हजार से अधिक परिवारों को लाभ मिलेगा। कृषि-बागवानी से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्ट-अप योजना शुरू की गई है। प्राकृतिक खेती से उगाए गेहूं पर समर्थन मूल्य बढ़ाकर 80 रुपए प्रति किलोग्राम किया गया है, जबकि मक्की के लिए 50 रुपए, कच्ची हल्दी का 150 रुपए, अदरक के लिए पहली बार 30 रुपए तथा पांगी घाटी के जौ के लिए 80 रुपए समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। मंडी जिला में भी इस योजना का लाभ किसानों को मिला है और गत दो वर्षों में 1041 क्विंटल मक्का, 644 क्विंटल गेहूं तथा लगभग 233 क्विंटल हल्दी की खरीद जिला में की गई है। उन्होंने कहा कि बागवानी विकास के लिए एचपी शिवा परियोजना के प्रथम चरण में 2612 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।
Exit mobile version