शिमला: सावधान! हिमाचल में आज से मौसम का मिजाज बदल जाएगा। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, अरब सागर के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से उच्च नमी का संचाव व अन्य अनुकूल स्थितियों के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। यह मौसमी उथल-पुथल 6 अक्तूबर को अपने चरम पर पहुंचने की संभावना है। इस दिन सात पर्वतीय जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल स्पीति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो बेहद भारी वर्षा का संकेत देता है। शेष जिलों में भी एहतियात के तौर पर येलो अलर्ट जारी रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी गति से हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिसकी अधिकतम तीव्रता 6 अक्तूबर को होगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की चेतावनी के अनुसार, 4 से 8 अक्तूबर के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का अनुमान है जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने बताया है कि यह बदलाव एक सक्रीय पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुरू होगा। विक्षोभ के सक्रीय होने के साथ ही भारी बारिश और ओलावृष्टि की शुरुआत संभव है। आज यानी 5 अक्तूबर को राज्य के 10 जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी, जिसमें कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की भी आशंका है। सूबे में 6 अक्तूबर सबसे अधिक प्रभाव रहेगा जिसमें 10 जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा और 7 और 8 अक्तूबर को भी कुछ इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
शिमला में बादलों की मौजूदगी ने आगामी बदलाव का पूर्वाभास दिया है। अगले 2-3 दिनों तक दिन और रात के तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि, तूफानी मौसम के गुजर जाने के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की महत्वपूर्ण गिरावट आने की संभावना है, जो ठंड बढ़ने का स्पष्ट संकेत है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को सलाह दी जाती है कि वे इस अवधि के दौरान अपनी यात्र की योजनाओं को संशोधित करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
कहां कितना न्यूनतम तापमान : अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, उसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान 5-9 डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है। शिमला में न्यूनतम तापमान 14.2, सुंदरनगर 19.4, भुंतर 16.9, कल्पा 8.0, धर्मशाला 16.6, ऊना 19.4, नाहन 18.8, पालमपुर 15.0, सोलन 16.2, मनाली 13.5, कांगड़ा 19.1, मंडी 20.5, बिलासपुर 22.4, हमीरपुर 21.8, कुफरी 11.7, कुकुमसेरी 6.7, नारकंडा 9.3, भरमौर 12.0, रिकांगपिओ 12.7, बरठीं 21.5, पांवटा साहिब 23.0, सराहन 14.3, ताबो 4.7 व बजौरा में 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अक्तूबर से दिसंबर तक कैसा रहेगा मौसम : विभाग की ओर से जारी संभावित वर्षा पूर्वानुमान के अनुसार पोस्ट मानसून सीजन (अक्तूबर से दिसंबर) के दौरान हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। अक्तूबर में अधिकांश भागों में सामान्य, सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। निचले पहाड़ी क्षेत्रों (सोलन, सिरमौर और शिमला के कुछ हिस्सों) को छोड़कर अन्य में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

