शिमला: अखिल भारतीय सिविल सेवा कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता रही हिमाचल प्रदेश सचिवालय की महिला टीम के सदस्यों ने टीम प्रबंधक गुलपाल वर्मा के नेतृत्व में आज यहां राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर, राज्यपाल ने टीम को जीत की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि महिला खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी के लिए प्रेरणा बनीं हैं। कार्यालय एवं घर के कामकाज के बावजूद उन्होंने खेल के लिए भी समय निकाला और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया है। राज्यपाल ने कहा कि बेटियां आज हर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसे कोई क्षेत्र नहीं है जहां बेटियों ने अपनी पहचान न कायम की हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में खेलों को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का कार्य किया है। वह खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का कार्य निरंतर कर रहे हैं। सांसद खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ कर उन्होंने खेलों को ग्रामीण स्तर तक प्रोत्साहन दिया है।
इस अवसर पर, टीम कोच राजेंद्र पांटा व टीम मैनेजर गुलपाल वर्मा ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उतराखंड के देहरादून में 20 से 24 फरवरी तक आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम का शानदार प्रदर्शन रहा। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश सचिवालय की टीम ने फाइनल में आंध्र प्रदेश को एक तरफा मुकाबले में 40-11 के भारी अंतर से हराकर चौंपियन बनी। राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा तथा टीम की कप्तान प्रोमिल भी उपस्थित थीं।