Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

संकट मोचन मंदिर में चोरी, चांदी के तीन मुकुट और माता सीता की सोने की नथ ले उड़े शातिर

November 2, 2026

संकट मोचन मंदिर में चोरी, चांदी के तीन मुकुट और माता सीता की सोने की नथ ले उड़े शातिर

शिमला: राजधानी शिमला के प्रसिद्ध श्री संकट मोचन मंदिर में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शातिर चोर मंदिर के गर्भगृह को निशाना बनाते हुए भगवान के चांदी के तीन मुकुट और माता सीता की करीब एक तोला वजन की सोने की नथ चोरी कर ले गया। इतना ही नहीं, आरोपी मंदिर में रखे दानपात्र से नकदी भी चुराकर फरार हो गया। धार्मिक स्थल में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन में चिंता का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद जिला शिमला पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना पश्चिम में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार इस संबंध में अभियोग संख्या 236/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध की तस्वीर आम जनता के साथ साझा करते हुए उसकी पहचान करने में सहयोग मांगा है। पुलिस का मानना है कि संदिग्ध की पहचान होने से चोरी की वारदात को सुलझाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।

जिला शिमला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति जारी की गई तस्वीर में दिखाई दे रहे संदिग्ध को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए पुलिस थाना बालूगंज के लैंडलाइन नंबर 0177-2830193 या एसएचओ वेस्ट के मोबाइल नंबर 8894728013 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जांच में सहयोग करें, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और संदिग्ध की तलाश जारी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें