Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal Pradesh : फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

November 22, 2026

Himachal Pradesh : फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
Theog Man Arrested Over Defamatory Social Media Posts : शिमला। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर मानहानिकारक और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के मामले में ठियोग पुलिस ने सुशील शर्मा उर्फ सुनील शर्मा (47) निवासी ठियोग को गिरफ्तार किया है।

आरोपी पर आस्था फाउंडेशन ठियोग ट्रस्ट के नाम से संचालित फेसबुक पेज के माध्यम से शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े कथित असत्य और मानहानिकारक आरोप लगाने तथा आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को 21 नवंबर को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 112/26 दिनांक 13 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356, 353(1)(B), 353(1)(C), 248(b) एवं 238(b) के तहत दर्ज किया गया था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अन्वेषण के दौरान सामने आया कि आस्था फाउंडेशन ठियोग ट्रस्ट के नाम से संचालित फेसबुक पेज के माध्यम से शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों वाली पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए गए थे। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी ने विवादित पोस्ट और वीडियो स्वयं अपलोड करने तथा बाद में उन्हें डिलीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मामले में डिजिटल साक्ष्यों से छेड़छाड़ और उन्हें मिटाने के पहलू को भी गंभीरता से लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के संबंध में पुलिस थाना ठियोग में एक अन्य अभियोग संख्या 176/26 दिनांक 18 नवंबर 2026 को भी दर्ज किया गया है।

इससे पहले भी आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस के माध्यम से उसे भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल न होने और मामले से जुड़े साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ नहीं करने के लिए पाबंद किया गया था। इसके बावजूद आरोपी के खिलाफ इसी प्रकृति के अन्य मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, पूर्व में जारी नोटिस की शर्तों का उल्लंघन करने, डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने और कथित अपराधों की पुनरावृत्ति को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी आवश्यक समझी गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें