
शिमला: शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शोघी में बस से करीब 36 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी के मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपियों की संलिप्तता का पता लगाया। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी रामपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को शोघी चौकी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली गई थी। इस दौरान बस के ऊपर रैक में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग से करीब 36 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मौके पर बैग का मालिक नहीं मिलने के कारण पुलिस थाना पश्चिम, शिमला में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच आगे बढ़ने पर अविनाश कपूर (31), विशाल ठाकुर (26) और खुशवंत सिंह (31), तीनों निवासी रामपुर, जिला शिमला, की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने अविनाश कपूर को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया, जबकि विशाल ठाकुर और खुशवंत सिंह को 19 अक्टूबर को पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने रामपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में चिट्टे की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच के लिए अन्वेषण जारी है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
📍 Location: शिमला (शिमला)