Three Arrested with 8.1 Kg Charas in Shimla’s Theog : शिमला। जिला शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तड़के ठियोग क्षेत्र के बहानी गांव में तीन अलग-अलग घरों में एक साथ दबिश दी।
इस दौरान पुलिस ने कुल 8.1 किलोग्राम चरस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में चरस के अलावा 1 लाख 5 हजार 690 रुपये नकद और एक वजन मशीन भी बरामद की गई है। पुलिस को आशंका है कि बरामद नकदी और वजन मशीन का संबंध नशे के अवैध कारोबार से हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में आगामी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ जुटाई गई खुफिया सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई योजनाबद्ध तरीके से की गई। पुलिस टीमों ने तड़के एक साथ तीन अलग-अलग घरों में छापेमारी की, ताकि आरोपियों को संभलने का मौका न मिल सके।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने श्याम सिंह पुत्र स्वर्गीय हीरा सिंह के घर की तलाशी ली। इस दौरान यहां से 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दूसरी कार्रवाई में लक्ष्मी नंद पुत्र स्वर्गीय हेत राम के घर से करीब 900 ग्राम चरस मिली। वहीं, तीसरे ठिकाने पर हरि वल्लभ पुत्र स्वर्गीय दिला राम के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को सबसे अधिक 5.5 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके अतिरिक्त यहां से 1,05,690 रुपये नकद और एक वजन मशीन भी जब्त की गई। तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस थाना ठियोग में इस संबंध में 22 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 179/26, 180/26 और 181/26 दर्ज किए गए हैं।
तीनों मामले एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से प्राप्त कर रहे थे और इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। 2026 में कमर्शियल मात्रा के 27 मामले दर्ज शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई के आंकड़े भी साझा किए हैं। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक कमर्शियल मात्रा के 27 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में ऐसे 6, वर्ष 2024 में 14 और वर्ष 2023 में 6 मामले दर्ज हुए थे। यानी वर्ष 2026 में दर्ज कमर्शियल मात्रा के मामले पिछले तीन वर्षों के कुल 26 मामलों से भी अधिक हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि इस वर्ष रणनीति में बदलाव करते हुए छोटे मामलों के साथ-साथ बड़े नशा तस्करों और उनके नेटवर्क को निशाने पर लिया गया है। इसी के तहत खुफिया सूचनाओं के आधार पर योजनाबद्ध कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों का खुलासा किया गया है। शिमला पुलिस का दावा है कि बड़े तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई से युवाओं तक चिट्टे की सप्लाई में कमी लाने में मदद मिली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। तीनों मामलों में पुलिस का अन्वेषण जारी है।