रामपुर बुशहर: उपमंडल रामपुर के अंतर्गत बालीधार के समीप शान्दल मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार नामक व्यक्ति ने थाना रामपुर में फोन कर सूचना दी कि बालीधार के पास शान्दल मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी है।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार वाहन में कुल छह लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान कपिल देव निवासी गांव चिकसा, उर्मिला देवी निवासी गांव मझाली तथा दशोदा देवी निवासी गांव मझाली के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य में जुट गए।
खाई गहरी होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक तीन लोगों की मौत हुई है। जबकि घायलों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

