रिवालसर/कुल्लू। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स हिमाचल प्रदेश द्वारा रेंजर्स के लिए आयोजित निपुण टेस्टिंग कैंप में कुल्लू के स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप की तीन रेंजर्स ने सफलतापूर्वक निपुण टेस्ट पास कर अपने ग्रुप का नाम रोशन किया। राज्य स्तरीय पांच दिवसीय निपुण टेस्टिंग कैंप का आयोजन 10 से 14 सितंबर 2026 तक स्टेट ट्रेनिंग सेंटर (एस.टी.सी.) रिवालसर में किया गया। कैंप में प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा ओपन यूनिट्स से 400 से अधिक रेंजर्स ने भाग लिया।
स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप की ओर से अनन्या, शगुन नेगी और चाँद कुमारी ने इस कैंप में भाग लिया। पांच दिनों के दौरान रेंजर्स को निपुण पाठ्यक्रम के तहत विभिन्न सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक गतिविधियों और परीक्षणों से गुजरना पड़ा। कैंप में नॉट्स एवं लैशिंग, पायनियरिंग, कैंप क्राफ्ट, फर्स्ट एड, फायर सेफ्टी, रोड सेफ्टी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सहित स्काउटिंग एवं गाइडिंग से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण एवं परीक्षण किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से रेंजर्स की स्काउटिंग दक्षता, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, अनुशासन तथा आपात परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता का मूल्यांकन किया गया।
कैंप के समापन अवसर पर स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप की तीनों रेंजर्स ने निपुण टेस्ट सफलतापूर्वक पास किया और प्रमाण-पत्र प्राप्त किए। स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप के ग्रुप लीडर बीजू हिमदल ने तीनों रेंजर्स की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीनों रेंजर्स ने निपुण टेस्टिंग कैंप में सफलतापूर्वक क्वालिफाई किया है और अब वे आगामी राज्य पुरस्कार (State Award) टेस्टिंग कैंप में प्रतिभाग करेंगी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि रेंजर्स के लिए स्काउटिंग एवं गाइडिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बीजू हिमदल ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण एवं टेस्टिंग कैंप युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीमवर्क, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप का प्रयास है कि युवाओं को स्काउटिंग एवं गाइडिंग के माध्यम से सीखने, नेतृत्व करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के अधिक से अधिक अवसर मिलें। उन्होंने तीनों रेंजर्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी टेस्टिंग कैंप के लिए शुभकामनाएं दीं।
📍 Location: Kullu (Kullu)

