शिमला। तिब्बती शरणार्थी पोटाला मार्केट एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा हिमाचल प्रदेश के मीडिया संयोजक करण नंदा के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से उनके शिमला स्थित आवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने तिब्बती शरणार्थी समुदाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए वर्तमान समय में उनके समक्ष आ रही समस्याओं एवं चुनौतियों से उन्हें अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हजारों तिब्बती शरणार्थी परिवार वर्षों से अपनी आजीविका के लिए मौसमी व्यापार पर निर्भर हैं और उनकी आजीविका एवं भविष्य से जुड़े कई विषयों पर प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक हस्तक्षेप की आवश्यकता है। प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष को बताया कि तिब्बती शरणार्थी समुदाय हमेशा से कानून का सम्मान करते हुए समाज के साथ सामंजस्य स्थापित कर अपनी आजीविका अर्जित करता आया है। उन्होंने आग्रह किया कि समुदाय से जुड़े विषयों का मानवीय दृष्टिकोण से समाधान किया जाए ताकि हजारों परिवारों को राहत मिल सके। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में अपना विस्तृत ज्ञापन भी नेता प्रतिपक्ष को सौंपा।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को उचित मंच तक पहुंचाने तथा संबंधित अधिकारियों से इस विषय पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्ण विचार करने का आग्रह करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की न्यायोचित समस्याओं का समाधान होना चाहिए और जनहित से जुड़े मामलों में वे सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा ने किया। प्रतिनिधिमंडल में कालजांग डेकी, टांडिंग त्सेडुप, त्सेवांग ल्हाग्याल, पेमा, कालसांग डोल्मा, पेमा छोदेन, थोंडुप वांग्याल, पेम्पा धुंडुप, खुसांग छोदेन, यौदोन सहित तिब्बती शरणार्थी पोटाला मार्केट एसोसिएशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उनकी समस्याओं को अत्यंत गंभीरता से सुना और बिना विलंब संबंधित स्तर पर पहल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि जयराम ठाकुर के हस्तक्षेप से उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रगति होगी और समुदाय को शीघ्र राहत मिलेगी।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...