शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 10 जून को किन्नौर जिले के शिपकी ला में पर्यटन गतिविधियों की औपचारिक शुरूआत करेंगे। यह क्षेत्र चीन अधिकृत तिब्बत से सटा हुआ है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सद्भावना साइकिल रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। शिपकी ला को पर्यटन के लिए खोलने की मंजूरी हाल ही में केंद्रीय रक्षा मंत्रलय से प्राप्त हुई है। इसके तहत अब सीमावर्ती क्षेत्र में पर्यटक भी जा सकेंगे, हालांकि इसके लिए आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। सरकार की इस पहल से जहां एक ओर सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिपकी ला सहित लेप्चा, गिउ और रानी कंडा में भी पर्यटन गतिविधियों को प्रारंभ करने की योजना को आगे बढ़ाया है। इन सभी क्षेत्रों को ह्यवाइब्रेंट विलेज योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों को आत्मनिर्भर बनाना और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में सेना और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और बीआरओ को आपसी समन्वय के साथ विकास परियोजनाओं को तेजी से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें- FY27 में विकास दर 7.1%, भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद आर्थिक मजबूती का अनुमान

